बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा वेस्ट में अपना एक फ्लैट किराए पर दिया है। यह फ्लैट हर महीने 5.51 लाख रुपये के किराए पर दिया गया है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी फर्म स्क्वायर यार्ड्स ने रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स की जांच के बाद यह जानकारी दी है। यह डील नवंबर 2025 में रजिस्टर हुई है।
स्क्वायर यार्ड्स के मुताबिक करिश्मा कपूर का यह फ्लैट ग्रैंड बे कॉन्डॉमिनियम में हिल रोड पर स्थित है। इसका कारपेट एरिया 204.38 वर्ग मीटर है, जो लगभग 2,200 वर्ग फुट के बराबर है। इस डील में तीन कार पार्किंग की जगहें भी शामिल हैं।
कितनी ली सिक्योरिटी डिपॉजिट
इस डील के लिए 17,100 रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और 1000 रुपये का रजिस्ट्रेशन चार्ज भरा गया है। साथ ही 20 लाख रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट भी ली गई है। यह रेंटल एग्रीमेंट एक साल के लिए है, जो नवंबर 2025 से शुरू होगा। हर महीने का किराया 5.51 लाख रुपये तय किया गया है। इस पूरे एक साल के किराए से कुल 66.12 लाख रुपये मिलेंगे।
पहले भी किराए पर उठ चुका है यह फ्लैट
करिश्मा कपूर का यह फ्लैट पहले भी किराए पर उठ चुका है। वह एग्रीमेंट नवंबर 2023 में रजिस्टर हुआ था। उस समय यह डील दो साल के लिए हुई थी। पहले साल का किराया 5 लाख रुपये प्रति माह था और दूसरे साल यह बढ़कर 5.25 लाख रुपये प्रति माह हो गया था। उस दो साल के एग्रीमेंट में कुल किराया 1.23 करोड़ रुपये था।
क्यों खास है बांद्रा वेस्ट?
बांद्रा वेस्ट मुंबई का एक बहुत ही खास इलाका है। यहां से बड़ी सड़कें, लोकल ट्रेन स्टेशन और आने वाले मेट्रो रूट आसानी से मिल जाते हैं। बांद्रा वेस्ट की खासियत यह है कि यह बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), माहिम और सांताक्रूज जैसे बड़े इलाकों के करीब है। यहां अच्छे घर, चहल-पहल वाले बाजार, बढ़िया रेस्टोरेंट और समंदर किनारे घूमने की जगहें जैसे बैंडस्टैंड और कार्टर रोड हैं। इन सब वजहों से यह इलाका प्रोफेशनल्स, परिवारों और बिजनेस करने वालों के लिए बहुत पसंद किया जाता है।