स्कैम से बचने के लिए इस सरकारी पोर्टल से पता करें कि आपके पास आया कॉल, ईमेल या मैसेज किसी बैंक या फिर संस्थान से है या नहीं। यह आसान तरीका आपका बैंक अकाउंट खाली होने से बचा सकता है।
स्कैम में मामले आए दिन बढ़ते जा रहे हैं। एक फोन कॉल, ईमेल या फिर मैसेज आपके जीवन की जमा पूंजी आपसे ले सकता है। ज्यादातर स्कैमर्स बैंक या फिर किसी वित्तीय संस्थान का नाम लेकर कॉल, मैसेज या फिर ईमेल करते हैं। वे इस तरह लोगों को आसानी से अपनी बातों में फंसाकर उसके साथ ठगी करते हैं। वे लोगों डराने-धमकाने वाली बातें कहते हैं। ने बोलते हैं कि आपका खाता बंद कर देंगे या सेवाएं रोक देंगे, ताकि आप तुरंत उनकी बात मान लें। ऐसे में, लोग जल्दबाजी में फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं। वे यह पता नहीं लगा पाते हैं कि कोई कॉल, ईमेल या वेबसाइट असली है या नकली। सरकार इस समस्या से निपटने का तरीका लेकर आ गया है।
दूरसंचार विभाग (DoT) ने एक नया सिस्टम लॉन्च किया है। यह सिस्टम नागरिकों को यह जांचने की सुविधा देता है कि उन्हें मिला ईमेल, फोन नंबर या वेबसाइट बैंक या संस्थान का है या नहीं। इससे वे फ्रॉड का शिकार होने से बचने सकते हैं।
दूरसंचार विभाग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए इस पहल की घोषणा की। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल ऑप्शन चुनने के लिए सशक्त बनाना! शेयर करने से पहले सोचें, धोखेबाज अक्सर भरोसेमंद संस्थानों का रूप लेते हैं। कार्रवाई करने से पहले हमेशा #SancharSaathi पर भरोसेमंद संपर्क का उपयोग करके सत्यापित करें।
नए सिस्टम से मिलेगी ये जानकारियां
यह सिस्टम ‘संचार साथी’ पोर्टल का हिस्सा है। इसके जरिए लोग किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान की आधिकारिक जानकारी आसानी से पा सकते हैं। आप बैंक का नाम, उसकी वेबसाइट, ईमेल या फोन नंबर डालकर सर्च कर सकते हैं। यदि वह सही होगा तो आपको डेटा मिल जाएगा। इसमें उनकी आधिकारिक वेबसाइट, ईमेल, फोन नंबर, टोल-फ्री नंबर, व्हाट्सऐप नंबर और ग्राहक सेवा से जुड़ने के अन्य तरीके शामिल होंगे।
धोखाधड़ी करने वाले अक्सर लोगों को डराने के लिए तरह-तरह की तरकीबें अपनाते हैं। वे कहते हैं कि अगर आपने तुरंत उनकी बात नहीं मानी तो आपका बैंक खाता बंद हो जाएगा या आपकी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। इससे लोग घबरा जाते हैं और बिना सोचे-समझे उनकी बातों में आ जाते हैं। ऐसे में, यह जानना बहुत जरूरी है कि आप जिस व्यक्ति या संस्थान से बात कर रहे हैं, वह असली है या नहीं।
लोगों को होगा फायदा
यह सुविधा आम लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हो सकती है। आजकल ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले बहुत बढ़ गए हैं। लोग अक्सर ऑनलाइन मिलने वाली जानकारी पर भरोसा कर लेते हैं, लेकिन वह जानकारी गलत भी हो सकती है। इस पोर्टल के जरिए, आप किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान की आधिकारिक जानकारी को सत्यापित कर सकते हैं।