अब वो समय दूर नहीं जब हम इंसानों के बीच रोबोट्स का दिखना भी आम हो जाएगा। इसे ‘रोबोट युग’ शुरू होना कह सकते हैं। जल्द ही हमारी गलियां, घर और दफ्तर रोबोट्स से भर जाएंगे। AI के तेज विकास और एडवांस चिप्स का नतीजा है कि अब कई कंपनियों ने ह्यूमनॉइड रोबोट्स बनाना और बेचना तक शुरू कर दिया है। फिलहाल यह टेक्नोलॉजी बेहद नई और महंगी है लेकिन समय के साथ यह भी आम होती चली जाएगी और हमें अपने चारों ओर रोबोट्स काम करते हुए दिखाई देने लगेंगे।
खास बात यह है कि ये तमाम रोबोट्स सिर्फ फैक्ट्रियों में काम करने वाले रोबोट्स नहीं होंगे बल्कि ये रोबोट देखेंगे, समझेंगे और हमारी मदद करेंगे। इस बात में बिलकुल भी अतिश्योक्ति नहीं कि आने वाले चंद सालों में ही आप अपने घर या पड़ोस में ऐसे रोबोट्स को काम करता हुआ पाएं। टेक फ्यूचर में आज जानते हैं कि अगर रोबोट काल शुरू हो चुका है, तो आने वाली हमारी जिंदगी किस तरह से बदलने वाली है।
2025 में हमें यह साफ दिखने लगा है कि ह्यूमनॉइड रोबोट अब सिर्फ फैक्ट्री या रिसर्च तक सीमित नहीं रहे। अब कई कंपनियां रोबोट्स को घरों, लॉजिस्टिक्स, सर्विस सेक्टर और रोजमर्रा के कामों के लिए तैयार कर रही हैं।। बता दें कि यह एक ह्यमनॉइड रोबोट है, जिससे घर के काम लिए जा सकेंगे।
Enterprise.ai की रिपोर्ट के अनुसार, जल्द ही हमारे घरों में रोबोट असिस्टेंट्स आम होते दिख सकते हैं। ये रोबोट्स वॉक करेंगे, उठ-बैठ सकेंगे, सफाई करेंगे और संभव है कि बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल में काम आएंगे।
आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हम अक्सर घरेलू कामों के लिए समय नहीं निकाल पाते। रोबोट्स के आते ही यह काम आसान हो जाएगा। रोबोट बर्तन धोने, सफाई करने, सामान रखने, बुजुर्गों/बच्चों की देखभाल या फिर साधारण कामों में मदद आदि सब कर पाएंगे।
एक्सपर्ट्स का दावा है कि यह सुविधा सिर्फ आराम ही नहीं लाएगी बल्कि उन लोगों के लिए वरदान होगी, जिन्हें देखभाल या मदद की जरूरत है।
रोबोट बाजार आने वाले कुछ ही साल में बड़ा होने वाला है। इसके लिए निवेश, शोध और विकास तेजी से हो रहा है। humanoid robotics technology की रिपोर्ट के अनुसार ह्यूमनॉइड रोबोट्स आने वाले 25 साल में कई ट्रिलियन डॉलर का मार्केट बना सकते हैं।
बात को पुख्ता करने के लिए हम इसी साल सामने आए कई ह्यमनॉइड रोबोट्स को देख सकते हैं। यह काम करने, युद्ध लड़ने और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में सक्षम हैं। चीन इस क्षेत्र में अभूतपूर्व तरीके से काम कर रहा है। वहां एक और कंपनियों ने बिलकुल इंसानों की तरह चलने-फिरने वाले रोबोट्स बना लिए हैं और अब वह चीन की सीमाओं पर भी तैनात होने वाले हैं।
अगर यह विकास इसी गति से चलता रहा, तो 2040 तक रोबोट हमारे जीवन और काम का आम हिस्सा बन जाएंगे।
रोबोट्स की दुनिया में रहने के बारे में सोचना बहुत सुहाना लगे, लेकिन ये फायदों के साथ-साथ कुछ चिंताएं भी लेकर आएंगे। इसमें सबसे बड़ा सवाल नौकरी का है। eweek की रिपोर्ट के अनुसार , बहुत से साधारण काम जो रोबोट करेंगे, उन कामों के लिए लोगों की जरूरत कम हो जाएगी। इससे लोगों की नौकरी पर बड़ा खतरा मंडराएगा।
वहीं दूसरी चिंता प्राइवेसी, सुरक्षा, और नैतिकता को लेकर आएगी। घर-परिवार, बच्चों या बुजुर्गों के बीच रोबोट्स की मौजूदगी का सवाल सिर्फ टेक्नोलॉजी से नहीं बल्कि नियमों और समाज की सोच से भी जुड़ा है।
आखिर में कहा जा सकता है कि इंसान के अब तक के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा बदलाव होगा और इसे पचाना आसान नहीं होगा। इसके लिए सामूहिक नियम, जागरूकता और सोच बदलने की जरूरत होगी।
2025 वह साल है जब रोबोट “भविष्य” की चीज नहीं रहे। अब ये फैक्ट्री से घर और काम से देखभाल तक, हमारी जिंदगी का हर पहलू बदलने को तैयार हैं। अगर टेक्नोलॉजी और उसमें निवेश की रफ्तार इसी तरह बनी रही, तो आज से 10 साल में यानी एक दशक में गली, घर, दफ्तर, बाजार हर जगह रोबोटों की मौजूदगी आम हो जाएगी।
ऐसे में सवाल यह नहीं कि क्या रोबोट्स आएंगे? बल्कि सवाल यह है कि हम किस तरह से उनका स्वागत करेंगे?